बदायूँ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके तकनीकी मानकों की जांच को सख्ती से लागू करना रहा। बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा स्कूली वाहनों की निगरानी और जांच के लिए इंटीग्रेटेड स्कूल वाहन मॉनिटरिंग पोर्टल विकसित किया गया है। इसी के तहत जनपद में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष तकनीकी जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (शहर) वीरेंद्र द्विवेदी ने बैठक में कहा कि सभी वाहन स्वामियों को अपने वाहनों की नियमित जांच करानी चाहिए और सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों को हर हाल में पूरा करना होगा। ए.आर.टी.ओ. हरिओम ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों को अपने यहां संचालित वाहनों के दस्तावेजों का विवरण तथा चालकों का चरित्र प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद ही परिवहन विभाग द्वारा संबंधित वाहनों की तकनीकी जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन स्कूली वाहनों की आयु 15 वर्ष से अधिक हो चुकी है या जो निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करते हैं, उनका पंजीकरण और परमिट तत्काल निरस्त किया जाएगा। इससे पोर्टल पर असुरक्षित वाहनों की संख्या को कम किया जा सकेगा और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात), उप जिला विद्यालय निरीक्षक, उप बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात निरीक्षक, यात्री/मालकर अधिकारी सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।