मीरगंज , बरेली । उत्तर प्रदेश पशु पालन विभाग की ओर से मीरगंज विकासखंड सभागार में एक दिवसीय पशुपालक प्रशिक्षण एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया , जिसमें उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कुलदीप अहलावत ने पशुपालकों को दूध से बने उत्पादों एवं पशु चिकित्सा संबंधित जानकारी से प्रशिक्षित किया । उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अहलावत ने किसान गोष्ठी में कहा कि गांव का पशुधन किसानों की सबसे बड़ी ताकत है अगर वैज्ञानिक तौर तरीकों से पशुपालन किया जाए तो किसानों की आय और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम सामने आ सकते हैं । उन्होंने कहा कि पशुपालक पशुओं की सही नस्लों का चयन करें, संतुलित आहार और रोगों की रोकथाम के लिए आधुनिक तौर तरीके अपनाए तो वह उनसे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं । इस दौरान रोगों के निदान, डेरी संचालन में विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया और पशुओं को संतुलित आहार संबंधित जानकारी से पशुपालकों को प्रशिक्षित किया गया । कार्यक्रम फार्मासिस्ट के एस सक्सेना , महिपाल सिंह,संजय गंगवार , समेत बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे ।