बरेली। शहर के इस्लामियां ग्राउंड में आयोजित ईद मिलन समारोह एवं पांच दिवसीय ईद मेले का आज भव्य समापन हो गया। ईद मेला कमेटी के सचिव वसी अहमद वारसी ने कहा कि ईद आपसी भाईचारे और कौमी एकता का संदेश देती है और बरेली हमेशा से इस परंपरा की पहचान रहा है। मेले में शहर के संभ्रांत लोगों ने शिरकत कर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया और खिलौनों की खरीदारी कर खूब मस्ती की। आयोजक अब्दुल वाजिद नूरी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और इत्तेहाद को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में मुशायरा, सम्मान समारोह और क्विज जैसे सांस्कृतिक आयोजन भी हुए। लगभग 38 वर्ष पुरानी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में डॉ. अनीस बेग, निसार पहलवान, प्रियंका सिंह बक्शी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।