बरेली। विशारतगंज थाना पुलिस ने 17 जुलाई की रात ग्राम पराबहाउद्दीनपुर के पास दंपती से हुई छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती के दो मोबाइल फोन, एक हाथ घड़ी, 750 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक 17 जुलाई की रात मोटरसाइकिल सवार दंपती से तीन बदमाश पर्स छीनकर फरार हो गए थे। पर्स में दो मोबाइल, हाथ घड़ी और करीब पांच हजार रुपये रखे थे। मामले में थाना विशारतगंज में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 7 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल तीनों आरोपी मधुसूदन फैक्ट्री के पीछे एक खाली मकान में किसी नई घटना की फिराक में एकत्रित हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभ्युदय (26), वैभवपाल (19) और रोहित उर्फ मोहित (23) को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने 17 जुलाई की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाएं कर चुके हैं। बरामद बाइक के चोरी की होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।