बरेली। नवाबगंज के भदपुरा ब्लॉक के ग्राम जादवपुर स्थित स्कूल को खुलवाने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार का संघर्ष लगातार जारी है। उन्होंने इस संबंध में शिक्षा विभाग और नवाबगंज प्रशासन को कई बार पत्र भेजे और ज्ञापन सौंपे हैं। इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी बरेली को भी पत्राचार कर स्कूल खुलवाने की मांग की है। संस्था अध्यक्ष का कहना है कि विभाग और प्रशासन के लगातार चक्कर लगाने के बावजूद भी गंदी राजनीति के कारण अब तक स्कूल नहीं खोला गया है। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों के साथ घोर अन्याय किया जा रहा है और इसमें बच्चों का कोई कसूर नहीं है। सुनीता गंगवार ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग बच्चों के मौलिक अधिकारों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार विभाग ही बच्चों की शिक्षा के अधिकार को छीनने का काम करेगा तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्कूल नहीं खोला गया तो संस्था शिक्षा विभाग के खिलाफ धरना देने को मजबूर होगी। इसी क्रम में 9 मार्च को खंड शिक्षा अधिकारी भदपुरा ब्लॉक कार्यालय के सामने बच्चों की कक्षाएं लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संस्था अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा विभाग और कुछ क्षेत्रीय नेताओं की मिलीभगत के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।