होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन का ‘बाल विवाह मुक्त भारत’अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
बदायूँ। यू.पी.एस. जाजपुर, ब्लॉक उझानी में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा जिला प्रोवेशन अधिकारी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने विद्यार्थियों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक नागरिक के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा इस कुप्रथा को समाप्त करने हेतु शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग बदायूं से आईं प्रीति चौहान ने बच्चों को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के महत्व से अवगत कराया। साथ ही अन्य मानव सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में संस्था की सदस्य एवं वॉलिंटियर सुमन पाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा सिंह द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा।
यह पहल जनपद बदायूं में बाल विवाह उन्मूलन एवं बाल सुरक्षा के प्रति सामुदायिक जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।













































































