बिसौली। आसफपुर-शाहबाद मार्ग स्थित ऐतिहासिक अरिल नदी के तट पर सिद्ध बाबा पुल वाले महाराज मंदिर पर भव्य होली मेले का शुक्रवार से आगाज हो गया। प्रत्येक वर्ष की भांति आयोजित उक्त मेले में विभिन्न दुकानों के अलावा मुख्य रूप से लकड़ी व लोहे के सामान की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहती हैं। मेला आयोजक पूर्व जिला पंचायत सदस्य गजराज सिंह यादव ने बताया कि मेले में झूले, दुकानों आदि का आवंटन कर दिया गया है। साथ ही मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा। श्री यादव ने बताया कि मेले में धार्मिक कार्यक्रम और परम्परागत कुश्ती के आयोजन में दूरदराज से प्रतिभागी शिरकत करेंगे। मेला व्यवस्था की बागडोर राहुल यादव भीष्म संभाल रहे हैं।