बरेली। बरेली छावनी क्षेत्र स्थित आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज में आज एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल आई. एस. गिल, वीएसएम, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय उत्तर भारत ने कॉलेज में स्थापित नवीन एवं अत्याधुनिक सुविधाओं का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, हजार एंड रोबोटिक्स लैब तथा हजार ड्रोन लैब (AI ड्रोन लैब) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया था, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना रहा। समारोह में ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, YSM की विशिष्ट उपस्थिति रही। साथ ही छावनी बोर्ड के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल भी मौजूद रहे। बरेली छावनी बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में मेजर जनरल आई.एस. गिल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की आधुनिक एवं तकनीक आधारित पहलें विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार और अनुसंधान की दिशा में यह कदम सराहनीय है। डॉ. तनु जैन ने बताया कि कलाकृति स्टूडियो विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करेगा, नवचेतना लाइब्रेरी ज्ञान-विस्तार का केंद्र बनेगी, जबकि रोबोटिक्स एवं ड्रोन लैब विद्यार्थियों को 21वीं सदी की उन्नत तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने इसे “विकसित भारत” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में छावनी बोर्ड के अधिकारीगण, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।