होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संवेदनशील क्षेत्रों में पिकेटिंग और क्लस्टर मोबाइल तैनात : एसएसपी
बरेली। होली के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए सेक्टर स्कीम की रिहर्सल कर उसे होली के दिन प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से माहौल प्रभावित न हो।
एसएसपी ने बताया कि होलिका दहन के लिए अलग से सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। प्रत्येक थाने पर क्लस्टर मोबाइल टीम गठित की गई है, जो सात से आठ गांवों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगी। इसके अलावा प्रत्येक होलिका स्थल पर स्थानीय लोगों की एक “होलिका सुरक्षा समिति” बनाई गई है। इन समितियों को अपनी-अपनी होलिका की सुरक्षा के लिए स्वयं पहल करने तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया है।
शहर क्षेत्र में निकलने वाली राम बारात, शोभा यात्राओं और जुलूसों के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिस दिन रंग खेला जाएगा, उस दिन मिश्रित आबादी और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इन क्षेत्रों में पुलिस पिकेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक थाने पर दो-दो मोबाइल गाड़ियों के साथ पीआरवी वाहनों को भी रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों के बारे में आशंका है कि वे विवाद की स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पिछले दो दिनों में पांच गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गुंडा एक्ट के तहत भी निरंतर कार्रवाई जारी है। अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत लगभग 18 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस को पीएसी और आरएएफ की कंपनियां भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मूव कराया जाएगा। प्रत्येक थाने और जनपद स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर ली गई हैं तथा जनता द्वारा बताई गई समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है।
एसएसपी ने जनपद वासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के साथ कठोरता से निपटा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद में बेहतर माहौल और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाएंगे।













































































