सुप्रीम कोर्ट की मंशानुसार योग्य बीएड बेरोजगार अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति दे सरकार: सौरभ जैन
बरेली । सुप्रीम कोर्ट में चल रहे 72825 बीएड भर्ती में कोर्ट द्वारा सरकार के संयुक्त सचिव बेसिक शिक्षा व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल मैडम को अभ्यर्थियों के हितार्थ अधिक से अधिक संख्या में चयन किए जाने के संबंध में कहा गया, इस हेतु मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से भी सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गई है।
ज्ञातत्व हो कि 72825 प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2011 प्रारंभ से ही मुश्किलों में फंसी रही, पूर्ववर्ती सरकार द्वारा अपनी भर्ती के नाम पर निरस्त की गई और बाद में कोर्ट के द्वारा भर्ती आगे तो बढ़ी पर अभी भी उसमें पद रिक्त हैं, साथ ही फर्जी मार्कशीट और टी ई टी सर्टिफिकेट के कारण हटाए गए लोगों के कारण भी काफी पद रिक्त हुए थे, वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट, हुई अनियमिताओं के कारण कोर्ट में उपस्थित अभ्यर्थियों का नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त करना चाहता है। इस हेतु राष्ट्रीय बीएड संघर्ष मंच ने महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यसचिव, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी बरेली के माध्यम से भी मुख्यमंत्री महोदय को ईमेल द्वारा पत्र, साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा नितिन नवीन को भी ईमेल के माध्यम से पत्र प्रेषित किया है।
राष्ट्रीय बीएड संघर्ष मंच उत्तर प्रदेश के प्रदेश संरक्षक सौरभ जैन ने कहा कि 14 वर्षों से अभ्यर्थी कोर्ट में लड़ते-लड़ते आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना झेल रहे हैं, उनकी आयु भी निकल गई है, उनके प्रति सहानुभूति पूर्वक निर्णय लेते हुए तत्काल नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर उनके दर्द का निदान करना चाहिए।
मंच के संगठन मंत्री राम कृष्ण पाल ने कहा कि मेल और गूगल फॉर्म के द्वारा 16 फरवरी तक कोर्ट में उपस्थित पीड़ित अभ्यर्थी यदि नियुक्ति रूपी उपहार उन्हें प्राप्त होता है तो वो आगामी चुनाव में रिटर्न गिफ्ट देने हेतु तैयार हैं।
इस अवसर पर यशपाल सिंह, राम चंद्र, कुशल पाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अर्चना, मोहन भट्ट आदि उपस्थित रहे।













































































