बदायूँ। कक्षा 8 की छात्रा ने अपने पिता के माध्यम से शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि स्कूल में तैनात एक अध्यापक ने ट्यूशन नही पढ़ने के कारण उसकी पिटाई की। पिटाई में छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई और सूजन उत्पन्न हो गई। परिजन ने खंड शिक्षा अधिकारी और मुजरिया थाना में शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला सिकंदराबाद गांव का है, जो मुजरिया थाना क्षेत्र में आता है। धर्मवीर ने बताया कि उनकी बेटी स्वाति उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि अध्यापक बार-बार ट्यूशन पढ़ाने का दबाव डालते और मना करने पर परेशान करते थे। 23 जनवरी को आरोपी ने टंकी के पाइप से छात्रा पर हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट और सूजन हो गई। परिजन बताते हैं कि बच्ची लगातार दर्द और कमजोरी महसूस कर रही है और कई बार बेहोश भी हो चुकी है। धर्मवीर ने कहा कि उन्होंने बेटी का निजी अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिली। परिजन चाहते हैं कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। बच्ची अब मानसिक रूप से डरी हुई है और स्कूल जाने से घबराती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।