स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में वाणिज्य विभाग के प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम का समापन
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन महाविद्यालय के उप-प्राचार्य व वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग अग्रवाल ने “भावी नेतृत्वकर्ता” विषय पर बोलते हुए को सफल नेता और आदर्श नेता के बीच मौलिक अंतर से अवगत कराया।
प्रो. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि सफल नेता टीम बनाकर कार्य करता है, जबकि आदर्श नेता परिवार के मुखिया की भाँति टीम को साथ लेकर चलता है और सबके सहयोग से लक्ष्य प्राप्त करता है। सफल नेता यह कह सकता है कि वह व्यस्त है और उसके पास समय नहीं है, लेकिन आदर्श नेता व्यस्तता के बावजूद सभी के लिए समय निकालता है और समाज के हर व्यक्ति से जुडा रहता है। उन्होंने बताया कि सफल नेता कभी-कभी लोगों की कमजोरियों का लाभ उठा सकता है, जबकि आदर्श नेता व्यक्ति की कमजोरी को दूर करता है व गुणों को पहचानकर उन्हें निखारता है, प्रेरित करता है और उनकी क्षमताओं के माध्यम से लक्ष्य की प्राप्ति करता है। सफल नेता अपने छोटे कार्यों को बड़ा बनाकर प्रस्तुत कर सकता है, परंतु आदर्श नेता दूरदर्शिता के साथ समाज और टीम की समस्याओं को दूर करने का कार्य करता है।
प्रो. अग्रवाल ने कहा कि जो नेता अपने जीवन में सत्य, धर्म, शुद्ध आचरण और न्याय को अपनाता है, उसकी छत्रछाया में जनता देवताओं की भाँति सुख-समृद्धि प्राप्त करती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति भविष्य की चुनौतियों को दूरदर्शिता से समझता है, वर्तमान में दृढ़ निश्चय के साथ कार्य करता है और अतीत के अनुभवों से सीख लेता है, वह नेता कभी असफल नहीं होता है।
इससे पूर्व चित्रकला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना गर्ग ने चंदन तिलक लगाकर तथा डॉ. संतोष प्रताप सिंह ने पटका पहनाकर प्रो. अनुराग अग्रवाल का सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेंद्र सिंह ने किया तथा डॉ. बरखा सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ शिवानी भारद्वाज ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की साथ ही बताया कि डैडम् विभाग से प्रतिभागियों के प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा।
इस अवसर पर डॉ. विनीता राठौर, डॉ गौरव सक्सेना , डॉ अजय कुमार वर्मा, अखंड प्रताप सिंह, व्याख्या सक्सेना, डॉ. सुखदेव, अभिषेक बाजपेई, डॉ. गौरव शर्मा, राजीव कुमार, मानवेन्द्र सिंह, बृज लाली, आषीष गोयल, अपर्णा त्रिपाठी, विजय गुप्ता, सोमना पाण्डेय सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।













































































