उझानी-बदांयू । बरेली मथुरा हाईवे पर गांव फूलपुर के पास कासगंज के एक युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस जहां इसे एक्सीडेंट मान रही है वहीं परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या की गई है। शव को किसी वाहन से सड़क किनारे डाल दिया गया है। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को बदांयू भेज दिया है। जानकारी के अनुसार आज सुबह किसी राहगीर ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि एक युवक का शव पडा है। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से मिले आधारकार्ड से जानकारी हुई कि मृतक केशव रस्तोगी 25 पुत्र विनय रस्तोगी निवासी मोहल्ला देवीदास नाथूराम खरंजा कासगंज का निवासी है। पुलिस ने केशव के परिजनों को सूचना दी परिवार के सदस्य रोते बिलखते पहुंचे। पिता विनय कुमार ने बताया कि केशव अपने चाचा अनुज रस्तोगी निवासी बदायूं के निधन में शाम 7 बजे बस द्वारा बदायूं गया था। उन्होंने बताया कि रात 11.20 पर केशव का फोन आया कि मुझे किसी ने जबरदस्ती शराब पिलाई है मैं नशे में हूं मुझे ले जाऐ। परिजनों ने बताया कि बताई जगह पर गये परंतु केशव नहीं मिला उसका मोबाइल भी सिव्च आफ हो गया। सभी लोग रात भर केशव की तलाश करते रहे, सुबह उझानी पुलिस का फोन आने पर घटना की जानकारी मिलते ही आ गये। पुलिस केशव की मौत को एक्सीडेंट मान रही है जबकि परिजनों का कहना है फूलपुर से उसका क्या लेना-देना केशव की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बदांयू भेज दिया है। मौत की वज़ह पीएम से ही स्पष्ट होने की संभावना है!