बरेली। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहेड़ी पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक अभियुक्त को 5 लीटर अवैध कच्ची शराब, लहन तथा शराब बनाने के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रात्रि में थाना बहेड़ी पुलिस और आबकारी टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम डांडी अभयचंद क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची शराब बना रहा है। सूचना के आधार पर बरेली-नैनीताल हाईवे से रिछौला फार्म की ओर जाने वाले रास्ते से खेतों की ओर पुलिस ने दबिश दी, जहां मौके से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 5 लीटर अवैध कच्ची शराब (खाम मय लहन) तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। अभियुक्त की पहचान सुबेन्दर सिंह उर्फ सोनू पुत्र निर्मल सिंह, निवासी ग्राम डांडी अभयचंद, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना बहेड़ी पर आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अवैध शराब का कारोबार कर रहा था। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। पुलिस टीम में आबकारी निरीक्षक अजय कुमार, उप निरीक्षक अंकित सिंह बघेल, उप निरीक्षक श्रीनाथ शर्मा सहित थाना बहेड़ी व आबकारी विभाग के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।