माघ पूर्णिमा व संत रविदास जयंती पर हिंदू सम्मेलन
बरेली। माघ पूर्णिमा एवं संत रविदास जयंती के पावन अवसर पर संत रविदास हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा वीरसावरकर नगर बस्ती में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हनुवन सिटी, अंबिका बिहार, बन्नूवाल पीएनबी कॉलोनी, सिद्धार्थ कुंज सहित विभिन्न उपबस्तियों से सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सहभागिता की। सम्मेलन के मुख्य वक्ता सुरेश चंद्र ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में समाज के समक्ष पंच परिवर्तन का आह्वान किया गया है, जिसमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और स्व का बोध शामिल हैं। इन मूल्यों के पालन से ही रामराज्य की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

केदार पुरी जी महाराज ने कहा कि बच्चों को हमारी महान हिंदू संस्कृति और महापुरुषों के बारे में अवश्य बताना चाहिए, जिससे उनमें संस्कृति के प्रति श्रद्धा और संस्कार विकसित हों। मातृ शक्ति के रूप में बृज मोहिनी दासी ने कहा कि जब नारी पुरुष के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती है तो परिवार और समाज की गति दोगुनी हो जाती है, इसलिए पति-पत्नी के बीच आपसी सामंजस्य अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मालवीय नगर प्रखंड की विश्व हिंदू परिषद की टीम ने अतुल शर्मा के नेतृत्व में भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विवेक गुप्ता ने की। समिति अध्यक्ष एड. अजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों व उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। अतिथि परिचय एवं स्वागत मयंक गोयल व कपिल चंदानी द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन संजय शुक्ला ने किया। सम्मेलन के दौरान आरआर अस्पताल के सौजन्य से डॉ. विवेक गुप्ता द्वारा निःशुल्क डायबिटीज जांच शिविर भी लगाया गया, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, मयंक साधु, देवेंद्र सिंह सोम, सचिन सक्सेना, अवधेश सक्सेना, दुजेंद्र गुप्ता, सौरभ तिवारी, शुभ राठौर, योगेंद्र गंगवार, अमित गोयल, विजय शंकर मिश्रा, वरुण अग्रवाल, पंकज महंत, डॉ. राजेश गंगवार, डॉ. राजीव सिंह, कमलेश वर्मा, पीयूष अरोरा, आलोक दीक्षित, यतेंद्र गंगवार, संजय पाठक, मयंक कठेरिया, अजय गुप्ता, दिव्या गोयल, सरिता शुक्ला, नेहा अग्रवाल, विकास शंखधार, अशोक पाठक, अरुण कुमार सिंह, आदित्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













































































