बरेली। भक्त रविदास जी के जन्मदिवस एवं दशमेश डिस्पेंसरी के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह नगर द्वारा संचालित दशमेश डिस्पेंसरी, मॉडल टाउन में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉक्टर कपिल आर. चक्रवर्ती (गैस्ट्रो विशेषज्ञ) एवं डॉक्टर मनोज हिरानी (हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ) ने मरीजों की मुफ्त जांच की। शिविर के दौरान मरीजों को विशेष रियायती दरों पर रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का 100 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया। चेरेटेबल दशमेश डिस्पेंसरी की देखरेख कर रहे डॉ. जे. पी. एस. सेठी ने बताया कि आगामी वैसाखी पर्व के अवसर पर एक मेगा निःशुल्क मेडिकल हेल्थ शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर गुरुद्वारा अध्यक्ष मालिक सिंह कालड़ा, महासचिव गुरदीप सिंह बग्गा, जितेंदर सिंह, अमरजीत बग्गा, अमरीक सिंह, राजेंद्र सिंह, बलविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।