विद्यार्थी परिषद का 66वा प्रान्त अधिवेशन 27 दिसंबर को प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ शुरू होगा
बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत के चार दिवसीय 66वें प्रांत अधिवेशन का उत्साहपूर्वक आगाज होने जा रहा है। यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रवाद के संगम के रूप में देखा जा रहा है। जिसमें प्रांत भर के सैकड़ों छात्र प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अधिवेशन की औपचारिक शुरुआत शनिवार को प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ होगी। परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा अत्यंत परिश्रम से तैयार की गई इस प्रदर्शनी का नाम ‘प्राध्यापक यशवंत राव केलकर प्रदर्शनी’ रखा गया है। यह प्रदर्शनी न केवल परिषद के वैचारिक अधिष्ठान को दर्शाती है, बल्कि इसमें कई महत्वपूर्ण विषयों का समावेश किया गया है।
प्रदर्शनी में बीते एक वर्ष में परिषद द्वारा आयोजित सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की झलक। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित विशेष दीर्घा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की यात्रा का चित्रण,बदायूं के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक इतिहास की थीम पर रखी गई है। अधिवेशन का मुख्य आकर्षण रविवार, 28 दिसंबर को होने वाला भव्य उद्घाटन सत्र होगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ परिषद के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मंच साझा करेंगे। उद्घाटन सत्र के दौरान आगामी वर्ष की कार्ययोजना और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
डायट परिसर को भगवा ध्वजों और स्वागत द्वारों से सजाया गया है। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यह अधिवेशन छात्र शक्ति को संगठित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस वैचारिक कुंभ में शैक्षणिक सुधारों, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन जैसे विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।













































































