बरेली। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम डबरा में शनिवार सुबह बंदरों के आतंक का मामला सामने आया। गांव डबरा निवासी गौतम स्वरूप की 19 वर्षीय बेटी कीर्ति पर अचानक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, कीर्ति बीए की छात्रा है। सुबह वह घर के अंदर झाड़ू लगा रही थी, तभी करीब पांच से छह बंदर घर में घुस आए और उस पर टूट पड़े। हमले में कीर्ति के हाथ में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाया। परिवार के लोग घायल कीर्ति को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बंदरों का आतंक बना हुआ है, जिससे लोग दहशत में हैं।