बदायूं। श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में चल रहे श्री गणेश महोत्सव के द्वितीय दिवस धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ किया गया। कथा के दौरान साध्वी मनु प्रिया जी ने भगवान गणेश की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि सनातन धर्म में भगवान गणेश को बुद्धि, विवेक, ज्ञान, शुभारंभ और विघ्नों को दूर करने वाले देवता के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का चरित्र मनुष्य को जीवन के अनेक महत्वपूर्ण गुणों की शिक्षा देता है। माता-पिता के प्रति सम्मान और उनकी आज्ञा का पालन करने के साथ ही भगवान गणेश ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य के प्रति दृढ़ता दिखाई। उन्होंने कहा कि महान शक्ति और ज्ञान के बावजूद भगवान गणेश का स्वरूप सरल और सहज है। उनका बड़ा मस्तक बड़े विचारों और व्यापक सोच का प्रतीक माना जाता है।कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का भी सुंदर वर्णन किया गया। इस अवसर पर श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से भगवान शिव और माता पार्वती की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। विवाह प्रसंग के दौरान पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता, अवनीश साहू, संतोष गुप्ता, रामेश्वर दयाल, चंद्र प्रकाश गुप्ता, नितेश वार्ष्णेय, राहुल चौबे, राहुल राठौर, लव कुमार, अभिषेक गुप्ता, शिवम गुप्ता, रोहित गुप्ता आदि का विशेष सहयोग रहा। महिला मंडल की ओर से श्रीमती दीपमाला गोयल, सीमा राठौर, नीरू गुप्ता, इंदू सक्सेना, अर्चना गुप्ता, कृष्णा कश्यप, सरोज यादव, पूजा राठौर और अंजलि राठौर आदि ने सहयोग किया। संस्था की ओर से कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने दी।