‘उमंग—एक पहचान’ से ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच, बच्चों ने प्रस्तुतियों से दिखाया आत्मविश्वास
बदायूं। विकास क्षेत्र जगत की न्याय पंचायत खुनक की न्याय पंचायत स्तरीय ‘उमंग—एक पहचान’ प्रतियोगिता का आयोजन संविलियन विद्यालय आरिफपुर नवादा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कक्षा-कक्षों में छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके सामान्य ज्ञान का परीक्षण भी किया। बच्चों के प्रदर्शन से संतुष्ट होकर उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सराहना की।
प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्राथमिक स्तर पर बाल कविता, सामान्य ज्ञान, कहानी सुनाओ एवं अंग्रेजी डिक्टेशन, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर भाषण, सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी डिक्टेशन तथा हिंदी-अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए सेल्फी स्टैंड पर सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि ‘उमंग—एक पहचान’ के माध्यम से विद्यार्थियों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर उनकी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास की सराहना की और निरंतर अभ्यास करते हुए आगे भी उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्राथमिक विद्यालय मियागंज की छात्रा संध्या ने हिंदी कविता तथा संविलियन विद्यालय खुनक के छात्र अयान ने अंग्रेजी कविता का सुंदर पाठ किया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर सीडीओ ने दोनों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रतिभागी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा ने कहा कि ‘उमंग—एक पहचान’ का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना तथा शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है।
खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने बताया कि विद्यालय एवं न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद ब्लॉक और जिला स्तर पर भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जगत भूपेंद्र कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जगत डॉ. पंकज शर्मा, कामिनी राठौर, हरिनंदन सिंह, युधिष्ठिर सुमन, संदीप सिंह, आयुष भारद्वाज, वैभव श्रोत्रिय, मुकेश कुमार, रमन कुमार, गुरजीत प्रभारी देओल, फरहा नाज, सपना गोस्वामी, तबस्सुम राणा, अनुभव सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।
















































































