बदायूं। विद्या भारती विद्यालय शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर सिविल लाइन्स में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। विद्यालय के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह एवं व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह ने दीप-मालाएं प्रज्ज्वलित कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं विद्यालय के भैया बहिनों ने दीपावली के विषय में गीत, कविताएं, भाषण एवं नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कक्षा तृतीय से पंचम तक के भैया बहिनों की दीप-सज्जा प्रतियोगिता संपन्न की गई। कार्यक्रम का प्रथम सत्र विद्यालय के भैया बहिनों के साथ संपन्न हुआ, जिसे सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अविलेश यादव एवं मुख्य वक्ता कंचन गुप्ता एवं रिया राजपूत ने श्री राम के चित्र पर पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। विद्यालय के अनेक भैया बहिनों ने दीपावली से जुड़े प्रेरक प्रसंग, गीत, कहानी एवं नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर मुख्य वक्ता कंचन गुप्ता ने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है। यह धनतेरस से शुरू होकर भैया दूज तक कुल पांच दिन चलता है, जिसमें दीपावली मुख्य पर्व है। आचार्या बहिन रिया राजपूत ने दीपावली को पूर्ण शांति और सौहार्द से मनाने का आग्रह किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने सभी भैया बहिनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी भैया बहिन पटाखों से दूर रहें, कम आवाज वाले पटाखे ही छुड़ाएं और वातावरण को प्रदूषित होने से बचाएं। कार्यक्रम के अध्यक्ष अविलेश यादव ने सभी को आशीर्वचन प्रदान करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर विद्यालय में कक्षा तृतीय से पंचम तक के भैया बहिनों की दीप सज्जा प्रतियोगिता संपन्न की गई, जिसमें कक्षा पंचम की बहिन आस्था सारस्वत ने प्रथम, रुचि वर्मा ने द्वितीय एवं अनमोल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चतुर्थ की बहिन अनिका ने प्रथम, सुनैना ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा तृतीय में सृष्टि शाक्य ने प्रथम, आराध्या शंखधार ने द्वितीय एवं आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त भैया बहिनों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम का द्वितीय सत्र प्रबंध समिति के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह तथा व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह ने माँ सरस्वती एवं राम के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन किया तथा अनेक दीप-मालाओं को प्रज्ज्वलित कर दीपावली की शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने सभी को दीपावली हर्षोल्लास एवं सुरक्षित रूप से मनाने का संदेश दिया। अंत में समस्त आचार्य एवं कर्मचारी स्टाॅफ को उपहार एवं मिष्ठान प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री कौशल किशोर पाठक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य भोलेनाथ पाठक, लालाराम वर्मा, रूपेंद्र सिंह, सुबोध मिश्रा, नरेशपाल सिंह, राकेश मिश्रा, निरंजन सिंह, अविलेश यादव, जयप्रकाश, मुकेश तिवारी राजकुमार गोला, देवेंद्र सक्सेना, राजीव कुमार सिंह, प्रियंका सिंह, ज्योत्सना सिंह, पुष्पा श्रीवास्तव, आयुषी, अंचल पाठक, कंचन गुप्ता, सुमन शर्मा, रिया राजपूत, पूजा शर्मा, पूनम चौहान, प्रतिपालक, अवधेश पाठक, योगेश भारद्वाज, मोहन, आशीष, कालीचरन उपस्थित रहे।