घटी जीएसटी, बढ़ा व्यापार, प्रत्येक वर्ग को मिला फायदा :- राजीव कुमार गुप्ता
सहसवान । सहसवान में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के अंतर्गत आयोजित विधानसभा सम्मेलन कार्यक्रम में अनसूचित जनजाति आयोग सदस्य उमेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, अभियान संयोजक अनुज माहेश्वरी ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा मोदी सरकार का यह कदम व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए राहत लेकर आया है। घटती जीएसटी दरें जहां मध्यम वर्ग की बचत बढ़ा रही हैं, वहीं उद्योग जगत को भी नई ऊर्जा दे रही हैं। साथ ही उन्होंने सहसवान के सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, यही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत की भावना है। साथ ही कहा स्वदेशी अपनाने से न केवल हमारा स्थानीय बाजार मजबूत होता है, बल्कि हर छोटे व्यापारी को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई चेतना जगाई है। अनसूचित जनजाति आयोग सदस्य उमेश कठेरिया ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक सुधारों की नई ऊंचाइयों को छुआ है। जीएसटी में की गई रियायतें व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। यह सरकार की दूरदर्शी नीति का प्रमाण है कि आज छोटे व्यापारी से लेकर उद्योगपति तक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अभियान संयोजक अनुज माहेश्वरी ने कहा मोदी सरकार ने व्यापार को बोझ नहीं, अवसर के रूप में देखा है। जीएसटी बचत उत्सव इसी सोच का परिणाम है, जहां करों में राहत देकर मध्यम, व्यापारी, किसान वर्ग की जेब में बचत बढ़ाई जा रही है। यह कदम सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को और मजबूत करता है। सम्मलेन में जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष पीयूष माहेश्वरी, राजीव शर्मा, ललतेश ठाकुर, सुभाष गौड़, अनुराग दीक्षित, अवढर शर्मा, विष्णु असावा,आलोक माहेश्वरी व्यापारियों, उद्यमियों आदि लोग उपस्थित रहे।













































































