थाना बारादरी पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे में किया खुलासा, नेपाली चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नेपाल का रहने वाला है और विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
थाना बारादरी क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर गली नंबर-6 निवासी विपिन कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि किसी अज्ञात चोर ने उनकी कार का शीशा तोड़कर मोबाइल, iPad टैबलेट, चार्जर, पर्स, पहचान पत्र, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, लगभग 1400 रुपये भारतीय मुद्रा और 1300 थाई भात चोरी कर लिए। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 1171/2025, धारा 305/317(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत, 05/06 अक्टूबर की रात को उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह (चौकी प्रभारी मॉडल टाउन) पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। दिव्यानी लॉन के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम हिमाल शाह पुत्र तेज बहादुर निवासी संतोषी टोल बार्ड नं. 2 धनगढ़ी, जिला कैलाली, नेपाल बताया, जो वर्तमान में सनराइज कॉलोनी, थाना इज्जतनगर में रह रहा था। तलाशी लेने पर पुलिस को दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक मोबाइल चार्जर, एक आधार कार्ड, 1300 थाई भात और एक काला पर्स बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है और होटल में वेटर का काम करता था। मजदूरी न मिलने के कारण उसने चोरी करना शुरू कर दिया। दिल्ली और हरियाणा में भी वह ऐसी कई वारदातें कर चुका है। चोरी का सामान बेचने के लिए दिल्ली के चोर बाजार जा रहा था कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, थाना बारादरी, उप निरीक्षक कुशलपाल सिंह, प्रभारी चौकी मॉडल टाउन , कांस्टेबल यश गौड़ , अंशुल कुमार मौजूद थे।













































































