बरेली। लाल फाटक बदायूं रोड स्थित वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुधवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के सभी 144 वृद्धजनों को कुर्ता–पजामा और साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजेव अग्रवाल ने वृद्धजनों को समाज की धरोहर बताते हुए कहा कि “हमें अपने बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। वृद्धजन केवल देखभाल के पात्र नहीं, बल्कि उनके जीवन अनुभव युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य कर सकते हैं।” जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पी.एल.वी. सुधीर उपाध्याय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1990 में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की घोषणा की थी और 1991 से प्रत्येक वर्ष 1 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर, राजयोगिनी पार्वती और ब्रह्माकुमारी नीता ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मैथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज की छात्राएँ एकता यादव और अंजलि यादव तथा प्राथमिक विद्यालय झील गोंटिया, लाल फाटक की छात्राएँ मीरा और मुस्कान ने नृत्य और गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावनात्मक बना दिया। समारोह की अध्यक्षता वृद्धाश्रम के अधीक्षक एम.एस. यादव ने की जबकि संचालन प्रबंधक कांता गंगवार ने किया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मनोज कुमार ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।