भारत अब किसी देश पर निर्भर नहीं रहेगा – राजीव कुमार गुप्ता

बदायूं । भाजपा कार्यालय पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा स्वदेशी अपनाने की पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान का हिस्सा है। भारत अब किसी देश पर निर्भर नहीं रहेगा। आत्मनिर्भर बनकर हमें भारत के माॅडल को अपनाना होगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने का रास्ता स्वदेशी व आत्मनिर्भर अभियान से निकलेगा। अभियान चलाकर लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अभियान के तहत देश भर में नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक को मंडल कार्यशालाएं, 7 से 8 अक्टूबर के मध्य जिला स्तरीय प्रेसवार्ता, 16 से 30 अक्टूबर के मध्य जिला स्तरीय युवा एवं महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सोशल इनफ्लुएंसर्स को अभियान से जोड़कर स्वदेशी उत्पादन का प्रचार कराया जाएगा। आत्मनिर्भर भारत सिग्नेचर वॉल पर नागरिकों से लिखित संकल्प लिया जाएगा। 1 से 15 नवंबर के मध्य जिला स्तरीय प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा कॉलेजों में स्वदेशी बनाम विदेशी विषय पर संगोष्ठियों और सेमिनार आयोजित कर प्रत्येक कॉलेज से आत्मनिर्भर भारत अम्बेसडर चुने जाएंगे। एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में स्वदेशी मेला, स्ट्रीट वेंडर सम्मेलन, स्थानीय कारीगर सम्मेलन, भारत संकल्प रथ और पदयात्राएं भी शामिल रहेंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा ने कहा आत्मनिर्भर अभियान आर्थिक स्वावलंबन की पहल नहीं बल्कि देश के स्वाभिमान का हिस्सा भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लोकल का वोकल” के आहान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कभी भारत की तुलना पाकिस्तान से होती थी और देश आर्थिक व्यवस्था में दसवें स्थान पर भी नहीं था। लेकिन आज भारत अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर है अमेरिका व चीन जैसे देशों की तुलना भारत से की जा रही है। यह परिवर्तन तभी संभव हुआ है जब देश ने नागरिकों ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का बढ़ावा दिया है। इस मौके पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत वर्षा यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, आरएस पाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, वरिष्ठ नेता बुधपाल सिंह, शैलेश पाठक, एमपी सिंह राजपूत, केशव चौहान, अनुराग दीक्षित आदि मौजूद रहे।