योगी के मंत्री, अध्यक्ष, चेयरमैन के सामने अंडरग्राउंड लाइन की पोल खोली
राज्यमंत्री के आदेश पर बिजली विभाग के खिलाफ मुकद्मा
राज्यमंत्री अंडरग्राउंड लाइन पर खामोश, बिजली विभाग की लापरवाही पर हुए मुखर
अध्यक्ष और चेयरमैन ने कहा अंडरग्राउंड लाइन की जांच हो
सभी भाजपा नेताओं ने बिजली विभाग को कही खरी खोटी
पुलिस ने शिक्षक की मौत के तीन दिन बाद लिखी रिपोर्ट
बदायूं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में 15 जुलाई को शहर के मोहल्ला शेखपट्टी में विज्ञानानंद वैदिक इंटर कालेज के गणित विषय के शिक्षक हरिनंदन सिंह उर्फ एचएन सिंह की घर के बाहर टूटी पड़ी बिजली की केबिल के करंट से मौत हो गई थी। अंडरग्राउंड बिजली लाइन खराब होने पर बिजली विभाग के कर्मचारी जर्जर केबिल को पोल से जोड़कर गली के सभी घरों की बिजली सप्लाई शुरु कर गए थे। यही जर्जर केबिल रात में टूट कर लटक गई थी।


शिक्षक के घर श्रद्धांजलि देने के लिए आज नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता पहुंचे। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने नगर विकास राज्यमंत्री के सामने अंडरग्राउंड बिजली लाइन की पोल खोली। परिजनों ने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड लाइन एक साल से खराब थी। अनेक बार शिकायत पर भी किसी ने सुध नहीं ली। करंट से शिक्षक की मौत के बाद 20 मिनट में बिजली विभाग के कर्मचारी अंडरग्राउंड लाइन ठीक कर गए। नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने शिक्षक की मौत के लिए बिजली विभाग की लापरवाही मानी। लेकिन अंडरग्राउंड बिजली लाइन में घोटाले, जांच, कार्रवाई के मामले में कुछ नहीं बोले। उन्होंने शहर कोतवाल से फोन पर बात करके शिक्षक के परिजनों की ओर से बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। तब कहीं जाकर तीसरे दिन कोतवाली पुलिस ने बिजली विभाग के अज्ञात अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। राज्यमंत्री ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मुआवजा और एक परिजन को नौकरी दिलाने का प्रयास करेंगे।


शिक्षक के घर पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारतीय ने कहा कि अंडरग्राउंड बिजली लाइन की जांच होनी चाहिए और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह जल्द शासन-प्रशासन से बात करके कार्रवाई कराएंगे।


नगर पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल भी शिक्षक के घर पहुंची।उन्होंने भी शिक्षक की मौत के लिए अंडरग्राउंड बिजली लाइन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड लाइन की जांच होनी चाहिए और ठेकेदार व बिजली अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड लाइन से शहर की सड़के बर्बाद हो गईं, अनगिनत पशु मर गए,शिक्षक समेत कई लोगों की मौत हो चुकी है।













































































