काला दिवस मनाकर रेल कर्मचारियों ने किया एनपीएस-यूपीएस का विरोध प्रदर्शन
बरेली। इज्ज़तनगर मंडल के रेल कर्मचारियों ने शुक्रवार का दिन एनपीएस और यूपीएस के विरोध में काला दिवस के तौर पर मनाकर अपना प्रबल विरोध प्रदर्शित किया। मंडल के तमाम स्टेशनों, स्वास्थ्य केंद्रों, लोको शेड, कर्षण वितरण डिपो और अन्य कार्यस्थलों पर एकजुट कर्मचारियों ने बाहों पर काली पट्टी बांध कर एनपीएस और यूपीएस के विरोध में नारे लगाए और सरकार से हू ब हू पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। डीआरएम ऑफिस और कारखाने में शुक्रवार को ईद ए मिलाद उन नबी का राष्ट्रीय अवकाश होने के कारण यहां के कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारियों ने एन ई रेलवे मेंस कांग्रेस के रोड नंबर 3 पर स्थित प्रेम कार्यालय पर एकत्रित होकर एनपीएस-यूपीएस और निजीकरण के विरोध में नारे लगाए और बाहों पर काली पट्टी बांध कर सामूहिक विरोध प्रदर्शन किया। फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के इज्जतनगर मंडल संयोजक जयेंद्र शेखर गुप्ता ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चूंकि सरकार अपनी हठधर्मिता को त्याग कर कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा की जायज मांग हू ब हू पुरानी पेंशन बहाल करने में लगातार टाल मटोल कर रही हैं इसलिए समय समय पर FANPSR/NMOPS के द्वारा सरकार को चेताने और अपनी मांग को दोहराते रहने के लिए इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन किए जाते हैं जिसमें कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। एन ई रेलवे मैंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने कहा कि जिन मान्यता प्राप्त फेडरेशनों के नेताओं ने सरकार के साथ मिलकर कर्मचारियों के लिए एनपीएस और यूपीएस जैसी झांसा योजनाओं का प्रवर्तन कराया है वह उनके दोहरे चरित्र का खुला सुबूत है। कर्मचारियों को इनके विरुद्ध अपना सशक्त विरोध प्रदर्शन जारी रखना चाहिए – इसी की बदौलत हाल में ही यूपीएस में संशोधन किया गया है और अन्ततः सरकार को हू ब हू पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए भी मजबूर होना ही पड़ेगा। एन ई रेलवे मैंस कांग्रेस के मंडल संरक्षक श्री संतोष यादव ने कहा कि जो परिपक्व कर्मचारी पुरानी पेंशन से आच्छादित हैं यह उनका भी दायित्व है कि वह युवाओं को एनपीएस और यूपीएस के दुष्प्रभावों से अवगत कराएं और इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन और जागरूकता संबंधी कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के इज्जतनगर मंडल संयोजक जयेंद्र शेखर गुप्ता, एन ई रेलवे मैंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सत्येंद्र यादव, प्रमोद यादव, सुरेन्द्र सिंह, आलोक श्रीवास्तव, मनोज, विनीत, दिनेश यादव, वीरेंद्र कटियार, राजू कुमार, राजेंद्र गुप्ता, अनिल शर्मा, शमीम अहमद, महताब आलम, अवधेश कुमार आदि उपस्थित रहे।













































































