बरेली। कैंट क्षेत्र के चनहेटी में सीमेंट पर अवैध रूप से चल रही ट्रैक्टर-ट्रालियों के विरोध में उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन ने मंगलवार को एसपी ट्रैफिक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यूनियन के पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर विभाग की शिकायत की जाएगी। महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद यातायात विभाग की मिलीभगत से कैंट क्षेत्र में अवैध रूप से 400 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियां सीमेंट पर चल रही हैं। यह पूरी तरह नियमों के खिलाफ है और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को नुकसान पहुंचा रहा है। जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत और महामंत्री दीपक द्विवेदी ने आरोप लगाया कि विभागीय सहयोग से गांव-देहातों से ट्रैक्टर-ट्रालियां लाकर चलवाई जा रही हैं, जिससे ट्रक संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन इसका कड़ा विरोध करेगी। ज्ञापन देने वालों में रामकृष्ण शुक्ला, राजकुमार राजपूत, दीपक द्विवेदी, प्रभजीत सिंह, अनिल राजपूत, हेमंत, राजेश, चंद्र प्रकाश शर्मा, राजेंद्र राजपूत, अतुल कुमार, कन्हैयालाल, नन्हे यादव, संतोष आदि मौजूद रहे।