अलीगढ़। यमुना में जलस्तर बढ़ जाने के चलते टप्पल में बनाई गई बाढ़ चौकी पर अभी तक स्टाफ की तैनाती नहीं हुई है। हालांकि कागजों पर प्रशासनिक स्तर से बाकायदा कर्मचारियों की तैनाती कर रखी है। बुधवार को बाढ़ चौकी पर ताला लगा हुआ था और यहां कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं था। बाढ़ चौकी के नाम पर यहां केवल एक कमरे में चार कुर्सियां रखी हुई थीं। जबकि आसपास कुत्ते बैठे हुए थे। इस संबंध में एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि बाढ़ चौकी पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कर्मचारी कहां थे? इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाढ़ चौकी के साथ-साथ ही यमुना का जलस्तर बढ़ जाने से बाढ़ के हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और उनसे सतर्क रहने के लिए अपील की जा रही है। खैर तहसील प्रशासन इस पर पूरी नजर रखे हुए है।