800 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया
बरेली। सीता नवमी के पावन अवसर पर बाल रामायण मंच के तत्वावधान में दुर्गा पब्लिक स्कूल, सुभाष नगर में श्रीहनुमान चालीसा का संगीतमयी पाठ का आयोजन बाल रामायण के रचयिता डॉ दीपंकर गुप्त द्वारा किया गया। उन्होंने हनुमान चालीसा का महत्व बताते हुए कहा कि इसके नियमित पाठ से हमें भय से मुक्ति मिलती है तथा हमारी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हनुमान जी की महिमा गान से प्रभु श्रीराम और माता जानकी सहित सभी देवी देवता भी अत्यंत प्रसन्न होते हैं ।विद्यार्थियों के लिए हनुमान चालीसा वरदान के समान है। इसके नियमित पाठ से वे बुद्धिमान और बलवान बनते हैं। उनमें भक्ति ,शक्ति तथा आत्मविश्वास बढ़ता है और वे संस्कारों के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनते हैं ।सीता नवमी के विषय में उन्होंने बताया कि पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिवस मां जानकी भूमि से प्रकट हुई थीं। उनके पिता महाराज श्री जनक जी ने सूखाग्रस्त जनकपुर राज्य की खुशहाली हेतु श्रमजीवी बनकर वर्षा के निमित्त हल चलाया था, तब सीता देवी कुंभ द्वारा प्रकट हुईं । मां सीता निष्ठावान, पत्नीव्रता और आदर्श नारी के रूप में भारतीय जनमानस के रूप में बहुत आदर ,सत्कार और भक्ति के साथ पूजी जाती हैं । रामभक्त हनुमान जी मां सीता और प्रभु राम जी को अत्यंत दुलारे हैं ।इस अवसर पर डॉ दीपंकर गुप्त द्वारा बच्चों के लिए हनुमान चालीसा की प्रतियां भेंट की गईं ।सभी 800 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों के साथ हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया । इस भव्य दिव्य अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य गीतांजली शुक्ला का अभिनंदन किया गया। सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं रेनू शर्मा , सरिता गुप्ता, पूनम सक्सेना, उर्मिला सिंह सुधा विश्वकर्मा , निशा शर्मा , हिमानी, रूपाली , दिव्या, साक्षी , रिचा, मुस्कान, सुश्री सुजाता, अंजलि, नम्रता, राशि कमल मित्र एवं पुष्पेंद्र साहू आदि सभी को राम पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शुक्ला जी ने कहा कि वास्तव में वर्तमान परिप्रेक्ष में बच्चों के लिए डॉ दीपंकर गुप्त द्वारा किए जा रहे प्रयास सनातन संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए सराहनीय हैं ।ऐसे आयोजनों से बच्चों पर शैक्षिक प्रभाव के साथ-साथ आध्यात्मिक प्रभाव भी पड़ता है और उनका आदर्श चरित्र निर्माण होता है।













































































