बरेली। नगर निगम बरेली द्वारा राजस्व वसूली में लापरवाही दिखाने और सम्पत्तिकर की वसूली में पिछड़ने पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। शहर में संपत्तिकर वसूली में पिछड़ने पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की इस कार्यवाही से टैक्स विभाग में हड़कंप मच गया है तो नगर आयुक्त ने विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को कम वसूली के चलते लताड़ भी लगाई है। कर समाहर्ता तुषार सिंह के अनुपस्थित रहने और वसूली में पिछड़ने पर उनको नगर आयुक्त द्वारा प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी गई है तो साथ ही कम वसूली पर कर समाहर्ता राजेंद्र कुमार, कर समाहर्ता जहांजेव कपिल कुमार को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इतना ही नहीं राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह का एक माह का वेतन रोके जाने जाने के आदेश भी नगर आयुक्त द्वारा दिए गए हैं तो बताते हैं कि पहले भी कम वसूली के चलते इनका वेतन रोका जा चुका है जो अधिकारीयों की कृपादृष्टि के बाद जारी किया गया। शहर में संपत्ति कर वसूली को लेकर नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि चालू वित्त वर्ष में बेहद कम समय बचा है। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों , अधिकारियों के विरुद्ध आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।