बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को थाना कैंट क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। दोनों कॉलोनियों का निर्माण बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के किया जा रहा था। प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम बारीनगला में वरुण शंखवार द्वारा “आरोही इन्क्लेव” के नाम से लगभग 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, गेट और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं बुखारा रोड पर नेम चंद्र सक्सेना एवं पोषाकी लाल उपाध्याय द्वारा लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना अनुमति प्लॉटिंग, सड़क और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था।इन दोनों अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बीडीए अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण कराया।