मुमुक्षु शिक्षा संकुल में मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह
शाहजहांपुर। मुमुक्षु शिक्षा संकुल के एसएस ला कालेज के प्रांगण में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लाह के साथ मनाया गया। जनपद के प्रसिद्ध चिकित्सक डा. रवि मोहन ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत प्रबन्ध समिति के सचिव डा अवनीश मिश्रा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज हम 76वां गणतंत्र दिवस समारोह मना रहे हैं। इन 75 वर्षो की यात्रा में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, शैन्य और विदेश नीति में अपना एक अलग स्थान बनाया है। 2047 में हम आजादी के सौ वर्ष का जश्न मनाएंगे और उस दिन हमें एक विश्वगुरू के रूप में मान्यता मिले, इसके लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। मुख्य अतिथि डा रवि मोहन ने कहा कि गणतंत्र दिवस की महत्ता उन देशों के लोगों से पूछे जो आज भी गणतंत्र नहीं है। हमारा देश एक गणतंत्र देश है जहां सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है और यहां की सरकार लोक के लिए कार्य करती है। हमें सदैव यह चिंता रहनी चाहिए कि हम अपने समाज एवं देश के लिए क्या कर सकते हैं तभी हमारा देश आगे प्रगति की पथ पर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत की राष्ट्रीय ध्वज को वैश्विक स्तर पर फहराना है तो इसके लिए हमें अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करना होगा। मुमुक्ष शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानन्द ने कहा कि हमारा देश न केवल लोकतांत्रिक देश है बल्कि एक गणतान्त्रिक देश भी है और इसमें गणों के माध्यम से शासन किया जाता है यदि हमको राष्ट्र का विकास करना है तो अच्छे गणों को चुनकर भेजना होगा, जो सत्ता में पहुंचकर लोगों की हितों की रक्षा कर सके। इस मौके पर एसएस कालेज की छात्राओं ने डा. कविता भटनागर के निर्देशन में राष्ट्रगान, वंदेमातरम व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। ध्वजारोहण उपरांत उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार लाॅ कालेज में “विकास एवं विरासत के पथ पर उत्तर प्रदेश” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में श्रद्धा मिश्रा प्रथम, अभिषेक कुमार एवं गरिमा मिश्रा द्वितीय, तृषा गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे, जिन्हें मुख्य अतिथि डा. रवि मोहन ने प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया। डाक्टर आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम का संचालन डा अनुराग अग्रवाल ने किया। अंत में लाॅ कालेज के प्राचार्य डा जयशंकर ओझा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसएस कालेज के प्राचार्य डा. राकेश कुमार आजाद, धर्मानंद सरस्वती इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. अमीर सिंह, शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ की प्रधानाचार्या डा. मेघना मेहंदी रत्ता एवं समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।













































































