बरेली। बहेड़ी के जाम सावंत शुमाली गाँव में चार नमाज़ियों को हिरासत में लिए जाने की ख़बर मिलने पर नबीरा-ए-आला हज़रत व ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी के निर्देश पर आरएसी की टीम मौक़े पर पहुँची। इस बारे में नबीरा-ए-आला हज़रत ने कहा है कि स्थानीय लोगों के मुताबिक वहाँ काफ़ी समय से नमाज़ अदा की जा रही है। इस मामले में आरएसी की ओर से स्थानीय मुसलमानों की हर संभव मदद की जाएगी और उनका उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। मौलाना अदनान रज़ा ने कहा कि जाम सावंत शुमाली गाँव में काफ़ी समय से मुसलमान सामूहिक नमाज़ अदा करते रहे हैं। कभी किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। मगर अब कुछ शरपसंद संगठन हर बात पर विवाद पैदा करने की साज़िश में जुटे हुए हैं। शांतिपूर्ण ढंग से नमाज़ अदा करते मुसलमानों के वीडियो वायरल करके अफ़वाहें उड़ाई जा रही हैं ताकि नमाज़ रोकी जा सके। नबीरा-ए-आला हज़रत ने कहा कि पुलिस प्रशासन को भी यह साज़िश समझ में आती होगी। एक ऐसी जगह जहाँ कोई विवाद न हो, वहाँ एक फोटो या वीडियो वायरल करके माहौल ख़राब करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए, न कि शांतिपूर्ण ढंग से इबादत करने वालों को हिरासत में लेना चाहिए। उन्होंने कहा किसी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। आरएसी की ओर से मौक़े पर पहुँची टीम में डॉ. आसिफ़ रज़ा, मुहम्मद रज़ा, राशिद रज़ा, शाकिर रज़ा, अब्दुल मुस्तफ़ा, उवैस रज़ा, शाहबाज़ रज़ा, सलमान रज़ा, तासिब रज़ा, राशिद रज़ा सहित बड़ी तादाद में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।