काव्य पाठ एवं गीत प्रतियोगिता के साथ मिशन शक्ति विशेष अभियान का शुभारम्भ
बदायूँ। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में शारदीय नवरात्रि के शुभारम्भ पर “महिला सशक्तिकरण : नारी सुरक्षा एवं सम्मान ” विषयक काव्य पाठ एवं गीत प्रतियोगिता का आयोजन कर मिशन शक्ति विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। छात्राओं के लिए आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के द्वारा हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ अनिल कुमार व संचालन मिशन शक्ति कार्यक्रम की संयोजिका डॉ ज्योति विश्नोई ने किया। राजकीय महिला महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ सरिता एवं डॉक्टर शशीप्रभा पुस्तकालय प्रवक्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में कुल 20 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया जिसमें से प्रथम स्थान बीएससी की छात्रा नीति सक्सेना ने प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से अंशिका सिंह व स्वाति मौर्य रही तथा तीसरा स्थान मानसी दिवाकर, गौसिया, दरख्शा व नेहा ने प्राप्त किया। अस्मिता सागर, वैष्णो देवी, रहनुमा व नव्या को भी सराहा गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। डॉ अनिल कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा हेतु हेल्पलाइन नंबर एवम अन्य कानूनी जानकारी दी। शशिप्रभा ने छात्र-छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ सरिता ने कहा कि समाज तभी पूर्ण विकसित हो सकता है जब उसमें महिलाओ को पुरुषों के बराबर अधिकार एवम अवसर मिले। कार्यक्रम संयोजिका डॉ ज्योति विश्नोई ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित होना अतिआवश्यक है। शिक्षा से महिला आत्मनिर्भर बनती है। डॉ विश्नोई ने कहा कि समाज में महिला सशक्तिकरण हेतु सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर अलीशा, अनम, लायबा, महिमा, प्राची ,मुस्कान, दिव्या ,आमरीन, सेजल, साहिबा ,शीतल,वंदना कुमारी, दीप्ति शर्मा ,गौरी शर्मा आदि उपस्थित रहे।













































































