बिल्सी। जिले में विगत पांच वर्षों से वृक्षारोपण के क्षेत्र में अरिहन्त ग्रुप द्वारा संचालित अरिहन्त वृक्षारोपण समिति के संस्थापक प्रशान्त जैन ने आज मंगलवार को पदमांचल जैन मंदिर पहुंचकर पूर्व में लगे पेड़-पौधों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम पौधों की क्यारियों को ठीक कराया। बाद में यहां रह रहे कर्मचारियों से उनमें खाद आदि को लगवाया। उन्होंने पेड़ पौधों की देखरेख के लिए लगाए गए कर्मचारियों को नियमित पौधों में पानी लगाने को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ही मानव जीवन का मुख्य आधार है। पेड़ लगाने से काम नहीं चलता है। उसे जीवित रखना भी हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिए। तभी वह हमारे जीवन के काम आ सकता है। वर्तमान में देश के अंदर ऑक्सीजन हो रही कमी के लिए मानव जाति स्वंय जिम्मेदार है। जिस अनुपात में पेड-पौधों को काटा गया है उस अनुपात में हमने पौधारोपण नहीं किया है। जिसके कारण देश में पौधों की लगातार कमी होती जा रही है। जिसका सीधा प्रभाव सभी प्राणियों पर पड़ रहा है। आज उन्हे शुध्द ऑक्सीजन तक नहीं मिल पा रही है। जिसकी कमी से लोगों की मौतें हो रही है। उन्होने कहा कि मानव जाति को एक बार फिर से प्रकृति की ओर ध्यान देना होगा। आज हम सबको पौधों को बचाना भी बहुत जरूरी है पेड़-पौधों को भी बच्चे की भांति पालन पोषण करना जरूरी हो गया है। जब तक नन्हा पौधा पेड़ का रूप न ले ले। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के लिए कई सुझाव दिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रशान्त दीक्षित, मोहित शर्मा, ग्रीश चंद्र शर्मा, प्रतीक शर्मा, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।