निर्वाचन ड्यूटी में विसंगतियों पर शिक्षक संघ ने जताया रोष, दिव्यांग शिक्षकों, गर्भवती महिलाओं एवं पति एवं पत्नी में से एक को ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ-बदायूं के पदाधिकारियों की एक आपात बैठक जिला संयोजक एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा की अध्यक्षता में मालवी अध्यापक आवास गृह पर हुई।
जिसमें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लगाई गई ड्यूटी के संबंध में प्रशासन द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया में व्याप्त विसंगतियों पर चर्चा की गई। निर्वाचन में दिव्यांग शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई जबकि इससे पूर्व किसी भी चुनाव में इस ड्यूटी से मुक्त रखा जाता था। उदयवीर सिंह यादव ने अवगत कराया कि गंभीर रूप से बीमार शिक्षकों यहां तक कि कैंसर से पीड़ित शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी ड्यूटी लगाई गई है।
बैठक में महिला शिक्षिकाओं की ड्यूटी 60 से 80 किलोमीटर की दूरी पर लगाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
संजीव शर्मा ने कहा कि शासन के निर्देश के अनुरूप पति-पत्नी दोनों के सेवा में होने पर निर्वाचन में एक की ही ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है जबकि बदायूं में दोनों की ड्यूटी लगाई गई है।
बैठक में समस्त विकास क्षेत्र के पदाधिकारियों द्वारा एक स्वर में दिव्यांग शिक्षकों को ड्यूटी से मुक्त रखने, पति-पत्नी दोनों के सेवा में होने पर एक को ड्यूटी से मुक्त रखने, ड्यूटी संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर विकास भवन एवं अन्य कार्यालयों में परेशान हो रही महिला शिक्षिकाओं के प्रार्थना पत्र लेकर इस पर कार्यवाही करने एवं पंचायत निर्वाचन संबंधी संगठन के मांग पत्र पर जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर अपेक्षित कार्यवाही की मांग की गई।
बैठक में जिला सह-संयोजक उदयवीर सिंह यादव शैलेंद्र सिंह, अरविंद दीक्षित, सुरेंद्र कुमार पटेल, सुशील चौधरी, हरीश यादव, बृजेश यादव, के0 पी0 सिंह, मधुकर उपाध्याय, यतेद्र शर्मा, संजय सिंह, अशोक यादव, अनुराग यादव, राजेश कुमार, आयुष भारद्वाज आदि पदाधिकारी मोजूद रहे।













































































