बाला जी मन्दिर में पॉच निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम से हुआ

बदायूँ। उझानी रोड स्थित श्री संकट मोचन बाला जी मंदिर पर जैसे ही बारात द्वार पर पहुंची तो पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। मौका था समाजसेवी के एल गुप्ता द्वारा पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह उत्सव का। इसके बाद वरमाला की रस्म हुई और फिर फेरे। इस दौरान मंगल गीतों से पांडाल गुंजायमान रहा। शाम करीब चार बजे कन्याओं की विदाई की गई। इस क्षण सभी आंखें नम हो गई। कार्यक्रम में आए अतिथियों ने नव दपंतियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक के एल गुप्ता और डॉक्टर दीपक गुप्ता ने बताया कि जिन कन्याओं का विवाह हुआ है, वह ग्रामीण क्षेत्र की हैं। जिनमें चार दलित परिवार की और एक मौर्य परिवार की हैं। कन्यादान महादान है। यह कार्य परिवार के सहयोग से पूरा हो सका। इस मौके पर अर्चना गुप्ता, कैरवी गुप्ता, डॉक्टर एस पी गुप्ता, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, डॉक्टर सुवेंद्र माहेश्वरी, अनेगपाल पटेल, शिव ओम गुप्ता, रजनी मिश्रा, विनय रस्तोगी, राजीव रस्तोगी, गोपालजी आदि का विशेष सहयोग रहा। के एल गुप्ता ने बताया कि ऐसे कई परिवार हैं, जिनकी बेटियों की शादी तय तो हो गई थी, लेकिन लड़की के पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण विवाह करने से वंचित थे। ऐसी बेटियों का कन्यादान कर पुण्य कमाया। इस कार्य को पूरा करने के लिए परिवार के सभी लोगों का पूरा साथ मिला। इसके साथ ही आए हुए अतिथियों ने भी कन्याओं को सहयोग दिया है। के एल गुप्ता ने मंच के माध्यम से ‘बेटी बचाने’ का संदेश भी दिया गया। कहा कि बेटियों को बोझ न समझें, अगर किसी को बेटी की शादी कराने में कोई परेशानी है तो ऐसे बहुत समाजसेवी एवं संस्थाएं अच्छा काम कर रही हैं, उनसे संपर्क कर लिया जाए। जरूरत का हर सामान दिया.. के एल गुप्ता और अर्चना गुप्ता ने प्रत्येक कन्या को फर्नीचर, अलमारी, साड़ियां, सिलाई मशीन, सोना – चांदी, कंबल, बर्तन के साथ रोजमर्रा की जरूरत का सभी समान दिया है। कुल 101 प्रकार की सामग्री दी गई। इसके अलावा दूल्हों के लिए पेंट – शर्ट की व्यवस्था भी की। साथ ही दुल्हनों का मेकअप भी ब्यूटी पार्लर में कराया गया। वृंदावन से आए पंडित ने विवाह की सभी रस्में पूरी कराई। विवाहोपरांत बृहद स्तर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।