निबंध प्रतियोगिता में अव्वल रही रचना-प्राची बिल्सी। नगर के महाराणा प्रताप राजकीय पीजी में आज गुरुवार को शासन के निर्देश पर आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें कालेज की आन्तरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के द्वारा भारत का स्वतंत्रता संघर्ष: राष्ट्रधर्म एवं राष्ट्रवाद विषय पर संगोष्ठी का आयोजित की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं में स्वतंत्रता आन्दोलन के आदर्श, मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की संघर्ष गाथा विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता भी हुई। जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए प्राचार्या डॉ वसुधा श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय इतिहास में 15 अगस्त तिथि का महत्वपूर्ण स्थान है। एक लम्बे संघर्ष के पश्चात् भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्ति प्राप्त हुई जिसमें हमारे देश के अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी जिसे देश कभी नहीं भुला सकता है। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव समस्त देशवासियों सहित स्वतंत्रता के पश्चात जन्म लेने वाली पीढ़ी को उसके गौरवपूर्ण इतिहास एवं महत्व से अवगत कराने का प्रयास है। संयोजक डॉ डॉली ने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता आन्दोलन में दांडी मार्च की महत्वता के विषय में विस्तार से बताया एवं कहा कि यह ऐसा आन्दोलन था जो राष्ट्रीय आन्दोलन के इतिहास में आम जनता की भागीदारी की द्रष्टि से बेमिसाल था। समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ सतीश सिंह यादव ने 1857 की क्रांति के विषय में विस्तार से बताया। इसके अलावा डा. पंकज कुमार सिंह एवं आराधना वर्मा तत्कालीन अफ़्रीका, एशिया, यरोप के विभिन्न देशों में चल रहें स्वतंत्रता संघर्षों का भारत के स्वतंत्रता संघर्ष पर होने वाले प्रभावों को छात्र- छात्राओं को विस्तार से बताया। इसी क्रम में यहां भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की संघर्ष गाथा विषय पर हुई निबंध प्रतियोगिता में रचना, प्राची ने पहला, रिंकी शाक्य, विनीता यादव, शालिनी, रिंकी ने द्वितीय एवं दीप्ती कुमारी, गौरव शाक्य ने तृतीय स्थान पाया। इसके बाद प्राचार्या ने सभी को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अंत में डा.शाहबुद्दीन अली खान ने सभी का आभार प्रकट किया। इस मौके पर सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रही।