बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में चल रही अंतर संकाय वार्षिक क्रिकेट प्रतियोगिता 2021 में आज कला और विज्ञान संकाय के बीच अंतिम लीग मैच खेला गया, जिसमें कला संकाय से 6 विकेट से पराजित होकर विज्ञान संकाय की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। आज के मुकाबले में टॉस जीतकर विज्ञान संकाय के कप्तान शिवम अरुण ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया जो आत्मघाती साबित हुआ। क्योंकि पहली ही गेंद पर कप्तान शिवम अरुण को कला संकाय के अनमोल प्रीत ने चलता कर दिया। इसके बाद विज्ञान संकाय की टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई और पूरी पारी के दौरान कोई भी बल्लेबाज कला संकाय की गेंदबाजी का डटकर मुकाबला नहीं कर सका।विज्ञान संकाय की टीम अख्तर एवं अनुपम के 15 -15 रनों की मदद से निर्धारित ओवर में 72 रन ही बना सकी। कला संकाय की ओर से धारदार गेंदबाजी करते हुए तेज गेंदबाज अनमोलप्रीत एवं चिराग ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। जबकि सूरज और केशव को एक-एक विकेट लेने की सफलता हासिल हुई। विज्ञान संकाय के द्वारा दिए गए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बल्लेबाजी करने उतरी कला संकाय की टीम को शुरुआत में ही 2 झटके लगे इसमें ओपनर बल्लेबाज गोविंद सोनी एवं कप्तान अरुण मात्र 8 रन बनाकर आउट हो गए। परंतु कला संकाय के बल्लेबाज विजय एवं कृषक ने धैर्य पूर्वक बल्लेबाजी करते हुए लगातार विकेट गिरने के सिलसिले को रोका, एवं विजय ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 22 गेंद पर 38 रन की जोरदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके एवं दो छक्के शामिल थे। विज्ञान संकाय की टीम की गेंदबाजी अनुशासन के विपरीत दिखाई दी और वे लगातार कला संकाय की टीम पर दबाव बनाए रखने में सफल नहीं हुए। अंत में कला संकाय ने निर्धारित लक्ष्य को मात्र 9 ओवर में ही हासिल करके 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। फाइनल मुकाबला कला और वाणिज्य संकाय के बीच कल प्रातः 10:00 बजे खेला जाएगा।