बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरोलिया स्थित ऋषि आश्रम शुभ सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पर आज गुुरुवार को गोपाष्टमी बड़े धूमधाम से मनाई गई। यहां सबसे पहले संस्था के अध्यक्ष वेदव्यास शर्मा ने गायों का तिलक कर पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज के दिन मैया यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण का सिंगार करके उन्हें गोचरण के लिए प्रथम बार वन के लिए भेजा था। जिस ब्रह्म चरण रज के लिए ब्रह्मा शंकर तक तरसते है, वो चरण गौमाता की सेवा के लिए कंकड़ पत्थर और कुंज निकुंजो में विचरण करते है। गाय भगवान श्रीकृष्ण के लिए सबसे ज्यादा प्रिय पशु है। जिसकी सेवा भगवान श्रीकृष्ण तक पहुंचती है। गौमाता की सेवा के कारण ही प्रभु का नाम गोपाल पड़ा था। इसके बाद मंगला शर्मा, आयुषी शर्मा, देव शर्मा, श्रेया शर्मा ने आश्रम में रह रहे सभी वृद्धों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए। इस मौके पर रामप्रकाश शर्मा, पन्नालाल, हरपाल, देवपाल, गोविंद शर्मा, बब्लू माथुर, शिव गौड़ आदि मौजूद रहे।