बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने शुक्रवार को प्राधिकरण सभागार में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के पत्रकारों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों और शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उपाध्यक्ष ने बताया कि पहली बार बीडीए कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है। कांवड़ मार्गों पर सड़कों का चौड़ीकरण, मरम्मत, समतलीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जल निकासी और यातायात बाधाओं को हटाने का कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण, आकर्षक विद्युत सज्जा और सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही शिव भजनों के माध्यम से पूरे मार्ग को शिवमय बनाया जाएगा। कछला मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत तपेश्वरनाथ मढ़ीनाथ द्वार और हरिद्वार मार्ग से आने वालों का स्वागत अवैद्यनाथ द्वार, रामपुर रोड पर 16 एवं 17 अगस्त को किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल चार्जिंग हब, पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में बीडीए की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शहर के सुनियोजित विकास पर भी चर्चा हुई। पत्रकारों ने यातायात, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव दिए, जिन्हें उपाध्यक्ष ने कार्ययोजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बीडीए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ जनहित के कार्यों को आगे भी प्राथमिकता देता रहेगा।