बरेली। एसआरएमएस इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की तीन छात्राओं ने अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। 15 जुलाई को लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मेधावी छात्राओं को गोल्ड और सिल्वर मेडल प्रदान किए। एमएस (प्रसूति एवं स्त्री रोग) की छात्रा डॉ. निष्ठा भारद्वाज ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं एमडी रेडियोडायग्नोसिस की डॉ. साक्षी बंसल तथा एमडी साइकियाट्री की डॉ. प्रज्ञा माहेश्वरी ने अपने-अपने विषयों में दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता।समारोह के मुख्य अतिथि रक्षा मंत्रालय के इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के डिप्टी चीफ सर्जन वाइस एडमिरल कृष्णा एम. अधिकारी रहे। विशिष्ट अतिथियों में उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक तथा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी उपस्थित रहे।एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति, मेडिकल कॉलेज के निदेशक आदित्य मूर्ति और प्राचार्य एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एम.एस. बुटोला ने तीनों छात्राओं को बधाई देते हुए इसे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और बेहतर चिकित्सकों के निर्माण में सहायक होगी।