बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार शुक्रवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अवैध अफीम लेकर ग्राम गिरधरपुर-कुंडरिया लिंक मार्ग से सिरौली रोड की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सिरौली रोड से करीब 200 मीटर पहले दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ब्रिजेश श्रीवास्तव के कब्जे से 450 ग्राम तथा यशपाल के पास से 650 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस तरह दोनों के कब्जे से कुल 1 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद होने पर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ब्रिजेश श्रीवास्तव (32) पुत्र धर्मपाल और यशपाल (22) पुत्र सुखपाल, दोनों निवासी ग्राम कुंडरिया फैजुल्लापुर, थाना अलीगंज, जनपद बरेली के रूप में हुई है।इस संबंध में थाना अलीगंज में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक हर्रिमुख सिंह, उपनिरीक्षक रूपकिशोर, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह तथा कांस्टेबल चमन लाल की टीम ने संयुक्त रूप से की।