बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 227 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान श्यामगंज चौराहे से शहदाना रेलवे ग्राउंड की ओर जाते समय शहदाना पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 227 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।आरोपी की पहचान वीरू उर्फ धर्मेंद्र (38) पुत्र केदारनाथ निवासी चनैटी लाल फाटक, थाना कैंट के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता है और अधिक कमाई के लालच में अफीम खरीदकर होटलों व ढाबों पर आने वाले ट्रक चालकों को बेचता था। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।