बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव हथनी भूड़ में घरेलू विवाद के बाद एक युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी से कहासुनी होने पर 25 वर्षीय युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार अर्जुन पुत्र ओमकार चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से विवाद हो गया था। इसी दौरान उसने आवेश में आकर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार को उसने दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर मूसाझाग पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।अर्जुन की मौत से गांव में शोक की लहर है। उसके पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांववासी भी इस घटना से स्तब्ध हैं। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार का सहारा छिन गया है।