बदायूं। जनपद के बिल्सी थाना क्षेत्र स्थित गांव बेहटा गुसांई में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने पति पर जबरन मुर्गे का मीट खिलाने, मारपीट करने और विषाक्त पदार्थ देने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जाता है कि गांव बेहटा गुसांई निवासी जीवनपुरी के पुत्र धर्मेंद्र पुरी उर्फ सोनू की शादी करीब वर्ष 2022 से पहले बरेली जनपद के थाना शाही क्षेत्र के गांव काशीपुर निवासी रामऔतार की बेटी सरिता के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही धर्मेंद्र अपनी पत्नी सरिता को छोटी-छोटी बातों पर मारता-पीटता और प्रताड़ित करता था। कई बार दोनों पक्षों के लोगों और गांव के सम्मानित व्यक्तियों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन पति के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र पुरी शराब पीने का आदी था और आए दिन अपने दोस्तों को घर बुलाकर शराब पार्टी करता था। आरोप है कि आर्थिक तंगी के चलते उसने अपनी जमीन-जायदाद भी बेच दी थी।मायके वालों का कहना है कि रविवार शाम धर्मेंद्र ने अपने दोस्तों को घर बुलाया और पत्नी सरिता से जबरन मुर्गे का मीट बनवाया। शराब पार्टी के बाद उसने सरिता को भी मीट खाने के लिए मजबूर किया, लेकिन शाकाहारी होने के कारण उसने मना कर दिया। इसी बात पर पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और कथित रूप से विषाक्त पदार्थ दे दिया।आरोप है कि हालत बिगड़ने पर परिवार के ही एक झोलाछाप डॉक्टर से उसका उपचार कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष ससुराल पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी पति घर से फरार हो चुका था। सूचना पर पहुंची बिल्सी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।