बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक पिता ने अपने ही 9 वर्षीय विकलांग बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को तालाब किनारे गड्ढे में दबा दिया। शनिवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मोहल्ला गढ़ी निवासी अनिल का पुत्र कन्हैया जन्म से ही पूर्ण रूप से विकलांग था। मृतक की मां संध्या ने आरोप लगाया है कि अनिल बच्चे की विकलांगता से परेशान रहता था और इसी कारण वह अक्सर उसके साथ दुर्व्यवहार करता था। आरोप है कि बीते रविवार 3 मई को अनिल ने कन्हैया का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के पास स्थित तालाब किनारे दफना दिया। भाई-बहनों की गवाही से खुला हत्या का राजघटना का खुलासा मृतक के छोटे भाई-बहनों की गवाही से हुआ। कन्हैया के 4 वर्षीय भाई अनमोल और 6 वर्षीय बहन वंदना ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने पिता को कन्हैया का गला दबाते हुए देखा था। बच्चों के बयान के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।शनिवार 9 मई को नायब तहसीलदार दीपक कुमार और थाना प्रभारी विनोद सिंह की मौजूदगी में चिन्हित स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से कन्हैया का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मां संध्या की तहरीर पर आरोपी पिता अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि आरोपी का कहना है कि बच्चे की मौत बीमारी के कारण हुई थी, लेकिन बच्चों के बयान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा, जिसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।