बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जनपद में प्रत्येक शनिवार को चलाए जा रहे ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) चेकिंग अभियान के तहत शनिवार सुबह व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई।पुलिस के अनुसार, 09 मई को प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण स्थापित करना और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना था। इस दौरान थाना इज्जतनगर, बारादरी और शेरगढ़ क्षेत्रों में कुल 42 स्थानों पर चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 ध्वनि विस्तारक यंत्र उतरवाए गए। इनमें इज्जतनगर क्षेत्र में 3, बारादरी में 2 और शेरगढ़ में 1 लाउडस्पीकर हटवाया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 460 स्थानों पर निरीक्षण किया गया। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि स्तर पाए जाने पर 116 लाउडस्पीकरों की आवाज मानकों के अनुरूप कराई गई। सबसे अधिक कार्रवाई देवरनियां और शेरगढ़ थाना क्षेत्रों में देखने को मिली, जहां क्रमशः 13 और 12 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराई गई। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों को ध्वनि प्रदूषण नियमों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।बरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करते हुए सामाजिक सौहार्द, शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।