बदायूँ :- भाजपा के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी की आईटी सेल द्वारा भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं कुर्मी समाज के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी पर की गई अशोभनीय टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद, वैचारिक मतभेद और राजनीतिक आलोचना का सम्मान होना चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत एवं मर्यादाहीन टिप्पणियां किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा नहीं हो सकतीं। आगे कहा अखिलेश यादव को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यही समाजवादी पार्टी की संस्कृति है। जनता अब समझ चुकी है कि सपा के पास विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए उनके नेता और आईटी सेल केवल नकारात्मक राजनीति में लगे हुए हैं। सपा आईटी सेल द्वारा की गई यह टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सम्मान और शालीन राजनीतिक परंपराओं में विश्वास रखती है। राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा और आलोचना लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन व्यक्तिगत हमला और अपमानजनक भाषा का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है। उन्होंने आगे कहा सपा नेतृत्व से मांग की कि वह इस प्रकार की अमर्यादित राजनीति पर रोक लगाए और सार्वजनिक रूप से अपने कार्यकर्ताओं की भाषा एवं व्यवहार के लिए जवाबदेही तय करे।